एमसीडी चुनाव को लेकर उम्मीद में बैठे टिकटार्थियों के सामने भाजपा ने रख दी है ये कड़ी शर्त…

बजाते रहो न्यूज़

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  आदेश गुप्ता की अध्यक्षता में आज दिल्ली भाजपा की मासिक बैठक सिविक सेंटर में संपन्न हुई। बैठक में एमसीडी के आगामी चुनाव को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तृत रूप से चर्चा हुई और साथ ही जीत का मूल मंत्र भी दिया गया।

बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी  बैजयंत जय पांडा, सह प्रभारी डॉ अलका गुर्जर, नेता प्रतिपक्ष  रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश संगठन महामंत्री  सिद्धार्थन, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ हर्षवर्धन, पूर्व केंद्रीय मंत्री  विजय गोयल, सांसद  प्रवेश साहिब सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष  विजेन्द्र गुप्ता, प्रदेश महामंत्री  कुलजीत सिंह चहल एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

 बैजयंत जय पांडा ने आगामी निगम चुनाव को देखते हुए कई विषयों पर चर्चा की। साथ ही प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों के बारे में भी विस्तार पूर्वक बताया और सबसे केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आवाहन किया।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त है और ऐसा कोई भी विभाग नहीं है जिसमें भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। इन बातों को दिल्ली की जनता तक पहुंचाना है और साथ ही उन्हें दिल्ली की भ्रष्ट, झूठी और हमेशा अपने वायदों से मुकरने वाली सरकार की सच्चाई से परिचित कराना है।

 बैजयंत जय पांडा ने कहा कि इस बार के निगम चुनाव में पार्टी काम और विकास के साथ-साथ व्यवहार और जनता के बीच में रहने वाले उम्मीदवार को ही टिकट देने वाली है जिसमें बिल्कुल पारदर्शिता होगी। इसलिए अब जरूरी है कि हम सबको मिलकर जमीनी स्तर पर पहले से दोहरी ऊर्जा के साथ काम करना है और जनता की समस्याओं का समाधान करने की कोशिश की जाए। उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा पर भरोसा बताता है कि हमें चौथी बार निगम में आने से कोई नहीं रोकने वाला क्योंकि जनता केजरीवाल की भ्रष्टाचारी नीतियों के कई नमूने देख चुकी है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  आदेश गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी की जननी दिल्ली है और दिल्ली ही आम आदमी पार्टी के खत्म होने का कारण बनेगी। आगामी निगम चुनाव में हम जनता की अदालत में निगम में किये अपने कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जाएंगे। उन्होंने निगम द्वारा किए गए कार्यों को विस्तार से बताते हुए कहा कि निगम 500 से अधिक कूड़ा घरों को खत्म करने का काम किया है और 10,000 से अधिक कर्मचारियों को पक्का करने का काम किया है। इसके साथ ही दिल्ली के सौंदर्यीकरण के लिए भी कई सारे काम निगम द्वारा किये गए हैं। जिसमें एशिया का सबसे बड़ा पार्क ’भारत दर्शन पार्क’, झील, फ्लाईओवर इत्यादि शामिल है।

 आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार की भ्रष्टाचारी नेताओं ने दिल्ली को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ा। चाहे वह नई आबकारी नीति हो बस घोटाला हो, जल बोर्ड घोटाला हो या फिर स्कूलों में बनने वाले कमरों के नाम पर घोटाला हो। दिल्ली सरकार योजना बनाती ही इसलिए है ताकि उसमें घोटाला किया जा सके।उन्होंने कहा कि आज यही कारण है कि केजरीवाल सरकार द्वारा बनाए गए 39 योजनाएं घोटालों की भेंट चढ़ गई क्योंकि ये योजनाएं शुरू तो हुई लेकिन जमीनी स्तर पर कहीं नहीं दिखी सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गई। केजरीवाल की योजनाओं से लाभार्थियों की संख्या जीरो है।

 गुप्ता ने कहा कि एनजीटी ने 900 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया जो केजरीवाल के भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा प्रमाण है। इतना ही नहीं अपनी राजनीति पर्यटन में व्यस्त केजरीवाल की सरकार ने एमसीडी के 41000 करोड़ आज तक नहीं दिये जो कि दिल्लीवालों के हक के पैसे थे और जिससे दिल्ली का सम्पूर्ण विकास हो सकता था। उन्होंने कहा कि कोविड के समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की मदद की लेकिन केजरीवाल और उनके मंत्रियों ने खुद को आइसोलेट कर लिया था और दिल्लीवालों को उनके हालात पर छोड़ दिया। मोदी सरकार ने खुद दिल्ली को विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है। एक्सप्रेस वे, अंडरपास, इको पार्क सहित कई कार्य किये।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.