नेहरू हिल पार्क में कथित अवैध बकरा बाजार को लेकर बढ़ा विवाद, भाजपा नेता अमित गुप्ता ने मुख्यमंत्री से की हस्तक्षेप की मांग

नई दिल्ली, 23 मई। राजधानी के दिल्ली गेट वार्ड स्थित रामलीला मैदान के सामने बने नेहरू हिल पार्क में लगाए गए कथित अवैध बकरा बाजार को लेकर राजनीतिक और सामाजिक विवाद गहरा गया है। भाजपा नेता अमित गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्र के नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिला और नगर निगम द्वारा जारी आवंटन रसीद को तत्काल रद्द करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि दिल्ली नगर निगम अधिकारियों ने कथित दबाव में आकर नेहरू हिल पार्क को एक फर्जी आरडब्ल्यूए के नाम आवंटित कर दिया, जिसके बाद वहां बकरा बाजार संचालित किया जा रहा है। भाजपा नेता अमित गुप्ता ने दावा किया कि जारी की गई रसीद में कहीं भी “बकरा बाजार” लगाने का उल्लेख नहीं है और यह “अवैध कब्जे को वैध बनाने की कोशिश” है।

उन्होंने कहा कि माता सुंदरी रोड, गांधी मार्केट और मिंटो रोड जैसे मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों के लोगों में इस मामले को लेकर भारी रोष है। उनका आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने 8 मई से पहली बार पार्क पर कब्जा कर वहां बकरे बांधने शुरू किए और ईद के मद्देनज़र बाजार संचालित किया।

भाजपा नेता अमित गुप्ता ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में इस पार्क में कभी बकरा बाजार नहीं लगाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जब दिल्ली सरकार स्वयं सार्वजनिक स्थलों पर पशु काटने की अनुमति न देने की बात कह रही है, तब पार्क का आवंटन कई सवाल खड़े करता है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विभाग ने कथित अवैध कब्जे को हटाने के लिए संबंधित पुलिस थाने में दो बार शिकायत भी दी थी, लेकिन कब्जा नहीं हट सका। बाद में 21 से 27 मई तक के लिए लगभग 1 लाख 7 हजार रुपये लेकर पार्क को एक कथित आरडब्ल्यूए के नाम आवंटित किए जाने की जानकारी सामने आई।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि सार्वजनिक पार्क में संचालित किए जा रहे इस बकरा बाजार के लिए जारी आवंटन को तुरंत निरस्त किया जाए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।