नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के शाहदरा नॉर्थ जोन में झिलमिल वार्ड के पार्षद पंकज लूथरा को नया चेयरमैन चुना गया। उनके चेयरमैन बनने से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। सिविक सेंटर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और समर्थकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह में मेयर प्रवेश वाही, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न वार्डों के पार्षद तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके बाद शाहदरा नॉर्थ जोन कार्यालय पहुंचने पर नवनिर्वाचित चेयरमैन पंकज लूथरा का भव्य स्वागत किया गया। पूर्व चेयरमैन एवं पार्षद पुनीत शर्मा ने सबसे पहले उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर पार्षदों, अधिकारियों, पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

नवनिर्वाचित चेयरमैन पंकज लूथरा ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने कहा कि शाहदरा नॉर्थ जोन के सभी वार्डों का संतुलित एवं समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, कूड़ा निस्तारण प्रणाली को सुदृढ़ करना, पार्कों का बेहतर रखरखाव, सड़कों और नालियों की समयबद्ध मरम्मत, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तार उनके प्रमुख लक्ष्य होंगे।
उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सभी पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा। विकास कार्यों में किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा तथा सभी योजनाओं को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। पंकज लूथरा ने झिलमिल वार्ड की जनता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, पार्टी नेतृत्व तथा सभी समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके विश्वास और समर्थन के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनसेवा करते हुए इस विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पंकज लूथरा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में शाहदरा नॉर्थ जोन में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं के समाधान में तेजी आएगी और निगम की सेवाएं अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनेंगी। शाहदरा नॉर्थ जोन कार्यालय में दिनभर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर नवनिर्वाचित चेयरमैन पंकज लूथरा को बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर राधे श्याम शर्मा, ऋषभ जैन, लालू पंडित, नीरज बैसोया तथा तापसी प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
