दिल्ली भाजपा की नई प्रदेश टीम घोषित, इन 38 पदाधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारी

नई दिल्ली, 20 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अनुमति और राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने प्रदेश संगठन की नई टीम-2026 की घोषणा की। नई टीम में प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष तथा प्रमुख संगठनात्मक दायित्वों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

नई टीम की घोषणा के बाद हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि संगठनात्मक कार्य अनुभव को प्राथमिकता देने के साथ-साथ क्षेत्रीय एवं जातीय संतुलन तथा नए और अनुभवी कार्यकर्ताओं के समन्वय को ध्यान में रखकर टीम का गठन किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह टीम दिल्ली भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत करेगी तथा केंद्र और दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि अपने एक माह 20 दिन के कार्यकाल में प्रदेश पदाधिकारी टीम, 14 जिला इकाइयों के गठन और दिल्ली नगर निगम के 12 में से 10 जोन में भाजपा के चेयरमैन निर्वाचित कराने जैसे संगठनात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए गए।

 

घोषित 38 पदाधिकारियों में 19 ऐसे हैं जो पिछली प्रदेश टीम में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं, जबकि तीन पूर्व मोर्चा अध्यक्षों को इस बार मुख्य प्रदेश टीम में स्थान दिया गया है।

       

नई टीम में विष्णु मित्तल, योगिता सिंह और मोहनलाल गिराहा को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। सतीश गर्ग को पुनः कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 10 उपाध्यक्ष, 9 मंत्री, मीडिया प्रमुख, मुख्य प्रवक्ता, मीडिया रिलेशन प्रमुख, सोशल मीडिया प्रमुख, आईटी प्रमुख, कार्यालय मंत्री और सह कार्यालय मंत्री सहित सभी प्रमुख संगठनात्मक दायित्वों की घोषणा की गई। साथ ही युवा, महिला, ओबीसी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पूर्वांचल, किसान और अल्पसंख्यक मोर्चों के नए अध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई।