स्थायी समिति में जनहित के मुद्दों पर बड़ा मंथन, डेंगू से अतिक्रमण तक अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश
पक्ष-विपक्ष के पार्षदों को खुलकर मुद्दे उठाने का मौका, सत्या शर्मा बोलीं—सिर्फ प्रस्ताव पारित करना नहीं, जमीन पर कार्रवाई कराना लक्ष्य
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक में मंगलवार को राजधानी से जुड़े कई ज्वलंत जनहित के मुद्दों पर जोरदार चर्चा हुई। डेंगू-मलेरिया और स्वाइन फ्लू की रोकथाम से लेकर अवैध प्ले स्कूल, सड़कों पर अतिक्रमण, अवैध खाने के ठेले, खुले में तंदूर, बेसहारा पशु, पार्कों की बदहाल व्यवस्था, प्रदूषण और स्वच्छता जैसे मुद्दे बैठक में प्रमुखता से उठे।
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि समिति जनहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि बैठक में पक्ष और विपक्ष दोनों के पार्षदों को अपने क्षेत्र की समस्याएं और सुझाव रखने का पूरा अवसर दिया गया और अधिकारियों को उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डेंगू-मलेरिया पर फॉगिंग और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश
मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर सत्या शर्मा ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग कराने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में संबंधित क्षेत्र के पार्षदों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर समस्याओं की पहचान और समाधान तेजी से हो सके।
स्वाइन फ्लू को लेकर निगम अलर्ट
दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मामलों का संज्ञान लेते हुए स्थायी समिति अध्यक्ष ने नागरिकों को बीमारी से बचाव और जरूरी सावधानियों की जानकारी देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अवैध प्ले स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी
अवैध रूप से संचालित प्ले स्कूलों का मुद्दा भी बैठक में उठा। सत्या शर्मा ने अधिकारियों से ऐसे संस्थानों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
सड़कों पर अवैध ठेले और खुले तंदूर पर शिकंजा
सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर अवैध रूप से संचालित खाने के ठेलों तथा खुले में तंदूर के इस्तेमाल को लेकर भी समिति ने गंभीरता दिखाई। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे स्थानों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा अतिक्रमण और नागरिक सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
आवारा पशुओं की समस्या पर नई गौशालाओं का प्रस्ताव
सड़कों पर घूम रहे आवारा और बेसहारा पशुओं को लेकर सत्या शर्मा ने कहा कि यह समस्या यातायात के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि स्थायी समाधान के लिए दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर नई गौशालाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि सड़कों पर घूम रहे पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

‘प्रस्ताव पारित करना ही लक्ष्य नहीं, कार्रवाई भी दिखनी चाहिए’
सत्या शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्थायी समिति की बैठक में उठाए गए जनहित के मुद्दे केवल चर्चा तक सीमित न रहें। संबंधित विभाग समयबद्ध कार्रवाई करें और की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा भी की जाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जनस्वास्थ्य, नागरिक सुरक्षा, अतिक्रमण और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े विषय सीधे दिल्लीवासियों के रोजमर्रा के जीवन से जुड़े हैं। निगम इन विषयों को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
