जयंती पर महापौर प्रवेश वाही ने प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल भी रहे मौजूद

लोकतंत्र के प्रथम प्रहरी चरतीलाल गोयल को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 1 सितंबर। दिल्ली विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय चरतीलाल गोयल की जयंती पर मंगलवार को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मीना बाजार, जामा मस्जिद, चांदनी चौक स्थित चरतीलाल गोयल हेरिटेज पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। इस दौरान स्वर्गीय गोयल के पुत्र एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल भी मौजूद रहे।

चरतीलाल गोयल को याद करते हुए महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली के लोकतांत्रिक इतिहास में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। दिल्ली विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सार्वजनिक जीवन जनसेवा और लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा।

राजनीति को माना जनसेवा का माध्यम

महापौर ने कहा कि चरतीलाल गोयल ने राजनीति को कभी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का माध्यम नहीं माना, बल्कि इसे जनसेवा का जरिया बनाया। उनका सरल व्यक्तित्व, निष्ठा और जनहित के प्रति समर्पण आज भी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श और विचार वर्तमान पीढ़ी को भी सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देते हैं।

एमसीडी में भी निभाई जिम्मेदारी

स्वर्गीय चरतीलाल गोयल का दिल्ली नगर निगम से भी महत्वपूर्ण जुड़ाव रहा। वे निगम के उप महापौर के पद पर भी रहे और स्थानीय स्तर पर जनसेवा में अपनी भूमिका निभाई। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद करता रहेगा।

जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनके परिवार की मौजूदगी ने समारोह को भावनात्मक बना दिया। दिल्ली के सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में चरतीलाल गोयल की भूमिका को याद करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों, सादगी और जनसेवा की मिसाल बताया गया।