मालवीय नगर में गूंजा ‘नंद के आनंद भयो’, कृष्ण जन्मोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

धर्मवीर सिंह ने बाल गोपाल के दिव्य दर्शन कर की पूजा-अर्चना, क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना

नई दिल्ली, 4 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मालवीय नगर में आयोजित भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा।

दक्षिण जोन, दिल्ली नगर निगम के चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में सम्मिलित होकर बाल गोपाल के दिव्य दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्रवासियों सहित समस्त दिल्लीवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।

धर्मवीर सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन पूरी मानवता को सत्य, धर्म, कर्तव्य, न्याय और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण ने अपने जीवन और गीता के संदेश के माध्यम से यह सिखाया कि व्यक्ति को परिणाम की चिंता किए बिना अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा के साथ पालन करना चाहिए। जन्माष्टमी का पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करने का भी संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं हर व्यक्ति के मन में भक्ति और आनंद का संचार करती हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

इस अवसर पर मालवीय नगर की निगम पार्षद लीना कुमारी की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर एवं आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच जन्माष्टमी का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया।

धर्मवीर सिंह ने जन्माष्टमी के पावन पर्व पर सभी क्षेत्रवासियों और दिल्लीवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि आए तथा समाज में आपसी प्रेम और भाईचारा और मजबूत हो।