प्रदूषण फैलाने वाली 8 फैक्ट्रियां सील, बिजली कनेक्शन काटे
सादतपुर और करावल नगर में निगम, बीएसईएस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम ने शनिवार को शाहदरा उत्तरी जोन में कार्रवाई करते हुए प्रदूषण फैलाने वाली आठ फैक्ट्रियों को सील कर दिया। निगम, बीएसईएस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने फैक्ट्रियों के बिजली कनेक्शन भी काट दिए।
यह कार्रवाई वार्ड संख्या 247 के सादतपुर और वार्ड संख्या 248 के करावल नगर में की गई। जांच के दौरान पांच जींस डाइंग फैक्ट्रियां और तीन प्लास्टिक दाना निर्माण इकाइयां प्रदूषणकारी गतिविधियों में संलिप्त पाई गईं। इसके बाद सभी आठ इकाइयों को मौके पर सील कर उनकी बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने सभी जोनों के उपायुक्तों को नॉन-कन्फर्मिंग एरिया में प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ नियमित निरीक्षण और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
निगम के अनुसार, प्रदूषणकारी औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ संबंधित विभागों के सहयोग से अभियान जारी रहेगा।
