व्यक्तिगत टिप्पणी और अभद्र भाषा के आरोपों को नाजिया दानिश ने किया खारिज, अंकुश नारंग पर सदन बाधित करने का आरोप

कांग्रेस नेत्री बोलीं—सत्ता से बाहर होने के बाद सदन नहीं चलने दे रही आप, विपक्ष के नेता को दिल्ली की जनता से कोई सरोकार नहीं

नई दिल्ली। एमसीडी सदन की बैठक में आम आदमी पार्टी की पार्षद शगुफ्ता जुबैर चौधरी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोपों को कांग्रेस नेत्री नाजिया दानिश ने खारिज किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी जब से निगम की सत्ता से बाहर हुई है, तब से लगातार सदन की कार्यवाही बाधित कर रही है और जनहित के मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दे रही है।

नाजिया दानिश ने नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सदन में हंगामा कर कार्यवाही बाधित करते हैं और फिर गोवा चले जाते हैं। उनके मुताबिक, अंकुश नारंग को दिल्ली की जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि सदन में जब वह अपने मुद्दे उठा रही थीं, तब भी अंकुश नारंग ने गतिरोध पैदा किया और उन्हें बोलने से रोकने का प्रयास किया। नाजिया दानिश ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता चर्चा करने के बजाय हंगामा कर सदन की कार्यवाही प्रभावित कर रहे हैं।