पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुल्ला कॉलोनी के नाले में एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि शव थाना क्षेत्र से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर पड़ा हुआ देखा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह नाले के पास से गुजर रहे लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। हालांकि स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
बताया जा रहा है कि इससे दो दिन पहले न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र में इसी नाले से एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। लगातार शव मिलने की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत और भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है।
फिलहाल दोनों मामलों में शवों की पहचान नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि शव कई घंटों से नाले में पड़े हो सकते हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच में जुट सकती है।
