नई दिल्ली।राजधानी दिल्ली में अपराध का ग्राफ लगातार चिंता बढ़ा रहा है। पश्चिम विहार वेस्ट थाना क्षेत्र के पीरागढ़ी चौक पर रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब 60 वर्षीय सुरक्षा गार्ड विजेंद्र की सरेआम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि कार सवार हमलावर ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। सामने आए वीडियो में हमलावर की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इलाके के निवासियों ने बढ़ते अपराधों को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि राजधानी में लगातार हो रही हत्या, लूट और गैंगवार की घटनाओं से आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर दिल्ली में बढ़ते अपराधों पर लगाम कब लगेगी और आम आदमी खुद को सुरक्षित कब महसूस करेगा?
