नीट पेपर लीक पर एमसीडी सदन में हंगामा, भाजपा चर्चा से भागी : अंकुश नारंग

नई दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को एमसीडी सदन में जमकर हंगामा हुआ। आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इस दौरान “आप” नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों के भविष्य के सवाल पर जवाब देने से बच रही है।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि नीट पेपर लीक ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों के सपनों को तोड़ दिया है, लेकिन भाजपा सरकार चर्चा से भाग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सदन में इस मुद्दे को उठाया गया तो भाजपा मेयर ने जल्दबाजी में एजेंडा पास कर सदन स्थगित कर दिया।

अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 2015, 2016, 2024 और अब 2026 में भी नीट परीक्षा पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक होने के बावजूद दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उनके मुताबिक लाखों छात्र वर्षों तक मेहनत करते हैं, परिवार लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन अंत में पेपर लीक होने से उनका भविष्य संकट में पड़ जाता है।

उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों से छात्रों की आत्महत्या की खबरें सामने आ रही हैं और युवा मानसिक दबाव में हैं। अंकुश नारंग ने कहा कि सरकार को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।

एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि पेपर लीक कराने का “नेक्सस” भाजपा शासित राज्यों में सक्रिय है और यह एक “धंधा” बन चुका है। उन्होंने कहा कि बार-बार जांच एजेंसियां कार्रवाई करती हैं, लेकिन आरोपी जमानत पर बाहर आकर फिर वही गतिविधियां शुरू कर देते हैं।

वहीं, एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि नीट पेपर लीक से छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई छात्र मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रहे।

“आप” नेताओं ने आरोप लगाया कि जो भी युवा या नागरिक सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे देशविरोधी बताने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता और युवाओं को अपनी बात रखने का अधिकार है और सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

आम आदमी पार्टी ने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त व्यवस्था बनाई जाए।