दिल्ली में पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती कीमतों और लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। त्रिलोकपुरी वार्ड-192 के निगम पार्षद विजय कुमार ने अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन करते हुए बैलगाड़ी से सिविक सेंटर पहुंचकर सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान विजय कुमार ने कहा कि अगर इसी तरह पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ते रहे और महंगाई बेलगाम रही, तो वह दिन दूर नहीं जब आम जनता को मजबूर होकर फिर से बैलगाड़ी का सहारा लेना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और जनता महंगाई की मार से त्रस्त है।
पार्षद ने कहा कि रसोई गैस, खाद्य पदार्थ, परिवहन और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब जवाब मांग रही है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक असर भी दिखाई देगा।
सिविक सेंटर के बाहर हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई विरोधी नारे लगाए और केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में राहत देने की मांग की। बैलगाड़ी पर पहुंचे पार्षद का यह विरोध प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
