दिल्ली में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार बेहद चिंताजनक : नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग

नई दिल्ली। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अंकुश नारंग ने दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा सरकार और प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है और आए दिन सामने आ रही घटनाएं सरकार के दावों की सच्चाई उजागर कर रही हैं।

 

अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के बावजूद महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। दुष्कर्म, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और महिलाओं के साथ बदसलूकी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सामने आए कई मामलों ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है और यह दर्शाता है कि कानून व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रह गया है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की “डबल इंजन” सरकार केवल विज्ञापनों और दावों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर महिला सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार के अधीन होने के बावजूद अपराधियों में कानून का डर खत्म होता नजर आ रहा है।

 

अंकुश नारंग ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने मांग की कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी निगरानी मजबूत हो, महिला हेल्पलाइन को प्रभावी बनाया जाए तथा महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में समयबद्ध तरीके से हो।

 

उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्य समाज की पहचान वहां की महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से होती है। यदि महिलाएं भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हों, तो यह सरकार और प्रशासन दोनों की विफलता मानी जाएगी। अंकुश नारंग ने भरोसा दिलाया कि आम आदमी पार्टी महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे को लगातार मजबूती से उठाती रहेगी।