नई दिल्ली, 27 मई 2026 — दिल्ली नगर निगम (MCD) में वार्ड कमेटी चुनाव एक बार फिर टलने पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि भाजपा अंदरूनी कलह, चेयरमैनी की सौदेबाजी और पार्षदों की नाराज़गी के कारण लगातार चुनाव से भाग रही है।
अंकुश नारंग ने कहा कि 29 मई को होने वाले नामांकन और 3 जून को प्रस्तावित वार्ड कमेटी चुनाव को बिना तय प्रक्रिया अपनाए अगले आदेश तक टाल दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि डीएमसी एक्ट की धारा 53(2) के अनुसार चेयरमैन की मंजूरी के बिना चुनाव की तारीख तय या स्थगित नहीं की जा सकती, फिर निगम सचिव ने आखिर किसके निर्देश पर यह फैसला लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की “चार इंजन सरकार” के भीतर भारी विरोध और खींचतान चल रही है। भाजपा में जोन चेयरमैन पदों की खरीद-फरोख्त हो रही है, जिससे पुराने पार्षद नाराज़ हैं। इसी वजह से भाजपा को डर है कि उसके कई जोन हाथ से निकल सकते हैं और कुछ जोन आम आदमी पार्टी के खाते में जा सकते हैं।
अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर कर रही है और निगम सचिव के माध्यम से “तुगलकी फरमान” जारी कर चुनाव टाल रही है। उन्होंने कहा कि यह तीसरी बार है जब भाजपा अपने डर की वजह से चुनाव स्थगित कर रही है।
उन्होंने कहा कि वार्ड कमेटी चुनाव बेहद महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि नए चेयरमैन के चुने जाने के बाद ही वार्ड कमेटियां सुचारु रूप से काम कर पाती हैं। अप्रैल और मई का पूरा महीना बीत चुका है, लेकिन अभी तक चुनाव की नई तारीख घोषित नहीं की गई है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
