दहेज उत्पीड़न की घटना पर भड़कीं कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश, बोलीं— “बेटियों की सुरक्षा पर सरकार पूरी तरह विफल”

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 24 वर्षीय तनुजा की संदिग्ध मौत के मामले ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चिंता बढ़ा दी है। इस घटना पर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने गहरा दुख जताते हुए इसे दहेज उत्पीड़न और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता करार दिया है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि आज भी बेटियां दहेज जैसी कुप्रथा की भेंट चढ़ रही हैं, जो बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सरकार गंभीर नहीं दिखाई दे रही है और कई मामलों में पीड़ित परिवारों को न्याय के लिए लंबी लड़ाई लड़नी पड़ती है।

उन्होंने कहा, “तनुजा की मौत केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है। अगर समय रहते दहेज उत्पीड़न के मामलों में सख्त कार्रवाई हो, तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।”

कांग्रेस नेत्री ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और तेज़ जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और दहेज विरोधी कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।

गौरतलब है कि हिरनी गांव निवासी 24 वर्षीय तनुजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।