एड्यूलाइफ़ 2.0 लॉन्च: अब हाईटेक होंगे एमसीडी स्कूल, अभिभावक भी रख सकेंगे बच्चों की पढ़ाई पर सीधी नजर
नई दिल्ली, 14 जुलाई। दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को सिविक सेंटर स्थित सत्य नारायण बंसल सभागार में शिक्षा विभाग के डिजिटल पोर्टल एड्यूलाइफ़ 2.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग की उपलब्धियों पर आधारित एक पुस्तक का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में उप महापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव, शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी, निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि आज का दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक का है। ऐसे में एड्यूलाइफ़ 2.0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिजिटल इंडिया पहल को एमसीडी विद्यालयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से अभिभावक भी बच्चों की पढ़ाई और उनकी प्रगति से सीधे जुड़ सकेंगे।

उन्होंने बताया कि यह पोर्टल शैक्षणिक योजना, विद्यार्थियों की प्रगति की निगरानी, डिजिटल शिक्षण सामग्री की उपलब्धता और विद्यालयी प्रशासन को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाएगा। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और तकनीक-सक्षम शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि नई तकनीक अपनाने में शुरुआती चुनौतियां आती हैं, लेकिन सभी शिक्षकों को इस पहल से पूरी निष्ठा के साथ जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल शिक्षकों को छात्रों की प्रगति का बेहतर मूल्यांकन करने में मदद करेगा और बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने कहा कि एड्यूलाइफ़ 2.0 निगम विद्यालयों को निजी स्कूलों के समकक्ष लाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर मेधावी छात्रों की सूची भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे खेल अकादमियां और अन्य संस्थाएं प्रतिभाशाली बच्चों का चयन कर सकेंगी। इसके अलावा अभिभावक छात्रों की शैक्षणिक प्रगति, मध्याह्न भोजन वितरण और शिक्षण गुणवत्ता की भी ऑनलाइन निगरानी कर सकेंगे।
शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी ने कहा कि शिक्षा विभाग विद्यार्थियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह पोर्टल शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
