10 जोनों में जीत से भाजपा गदगद, पुरानी दिल्ली में 24 साल बाद चेयरमैन बनने पर हर्ष मल्होत्रा बोले— अब विकास को मिलेगी नई रफ्तार

नई दिल्ली, 15 जुलाई। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली नगर निगम के वार्ड समिति चुनावों में 12 में से 10 जोनों में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह परिणाम दिल्लीवासियों के विश्वास और भाजपा के विकास एजेंडे पर जनता की मुहर है।

उन्होंने कहा कि शहरी एवं सदर क्षेत्र के नगर निगम पार्षदों ने भाजपा का क्षेत्रीय चेयरमैन चुनकर पुरानी दिल्ली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की विकास यात्रा से जोड़ने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भाजपा पुरानी दिल्ली के लोगों, व्यापारियों और सभी नागरिकों को कभी निराश नहीं करेगी।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि 24 वर्षों बाद पुरानी दिल्ली (सिटी-एसपी जोन) में भाजपा की उषा शर्मा क्षेत्रीय चेयरमैन चुनी गई हैं, जो एक नया इतिहास है। अब दिल्ली सरकार और नगर निगम की प्राथमिकता पुरानी दिल्ली का समग्र विकास होगा।

उन्होंने कहा कि पश्चिम और दक्षिण दिल्ली के अधिकांश निगम पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों को भाजपा के विकास एजेंडे से जोड़ने का निर्णय लिया है। भाजपा दिल्ली सरकार और नगर निगम के समन्वय से राजधानी के सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति देगी और दिल्ली की तस्वीर बदलने का काम करेगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि निगम चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि पार्षद विकास की राजनीति के साथ खड़े हैं और भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राजधानी के हर क्षेत्र में समान रूप से विकास सुनिश्चित करेगी।