कृष्णा नगर की समस्याओं को लेकर विधायक डॉ. अनिल गोयल ने मंत्री प्रवेश वर्मा को लिखा पत्र, जल बोर्ड और PWD अधिकारियों संग हुई अहम बैठक

नई दिल्ली। कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल, सीवर और अधूरी विकास परियोजनाओं की समस्याओं को लेकर कृष्णा नगर से विधायक एवं DDC चेयरमैन डॉ. अनिल गोयल ने दिल्ली सरकार के लोक निर्माण एवं जल संबंधी मामलों के मंत्री प्रवेश वर्मा को विस्तृत पत्र लिखकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता दिखाते हुए मंत्री प्रवेश वर्मा ने डॉ. गोयल, दिल्ली जल बोर्ड तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें सभी लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

डॉ. अनिल गोयल ने अपने पत्र में कहा कि कृष्णा नगर विधानसभा के विभिन्न इलाकों में नागरिक लंबे समय से गंदे पानी की आपूर्ति, सीवर व्यवस्था की खामियों और विकास कार्यों में देरी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक फंड उपलब्ध कराने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की मांग की।

गंदे पानी और सीवर की समस्या प्रमुख मुद्दा

पत्र में विधायक ने बताया कि कई इलाकों में लोगों को साफ पेयजल नहीं मिल पा रहा है और गंदे पानी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसके अलावा नई सीवर लाइन और पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों पर कई दिनों तक मलबा और कूड़ा पड़ा रहता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने यह भी कहा कि पाइपलाइन की मरम्मत और रिपेयरिंग के कार्यों में अनावश्यक रूप से अधिक समय लगाया जाता है, जिसके कारण नागरिकों को लंबे समय तक जलापूर्ति प्रभावित रहने की समस्या झेलनी पड़ती है।

जल बोर्ड और MCD के बीच तालमेल की कमी

डॉ. गोयल ने अपने पत्र में दिल्ली जल बोर्ड और नगर निगम (MCD) के बीच समन्वय की कमी को भी प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि एक विभाग द्वारा सड़क खोदने के बाद दूसरे विभाग द्वारा समय पर मरम्मत नहीं की जाती, जिससे सड़कों की हालत खराब हो जाती है और लोगों को असुविधा होती है।

उन्होंने मांग की कि दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाए, ताकि विकास कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जा सकें।

रानी गार्डन में UGR और गीता कॉलोनी में DSTP पर चर्चा

विधायक ने रानी गार्डन स्थित खाली जमीन पर UGR (अंडरग्राउंड जलाशय) के निर्माण का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा।

इसके साथ ही गीता कॉलोनी में प्रस्तावित DSTP (डिसेंट्रलाइज्ड सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के निर्माण और उससे जुड़े लंबित कार्यों को भी जल्द पूरा करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सीवर व्यवस्था में सुधार आएगा और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।

रुके हुए कार्यों के लिए फंड आवंटित करने की मांग

डॉ. गोयल ने मंत्री से अनुरोध किया कि विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर रुकी हुई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक बजट तत्काल जारी किया जाए, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

मंत्री प्रवेश वर्मा ने दिए अधिकारियों को निर्देश

विधायक के पत्र पर कार्रवाई करते हुए मंत्री प्रवेश वर्मा ने जल बोर्ड और PWD के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई और अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित कार्यों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने कहा कि जनता से जुड़े बुनियादी कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और जलापूर्ति, सीवर तथा सड़क मरम्मत से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद डॉ. अनिल गोयल ने उम्मीद जताई कि मंत्री स्तर पर हुई इस पहल के बाद कृष्णा नगर विधानसभा की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी और क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिलेगी।