उज्ज्वला पर दिल्ली में BJP का बड़ा फोकस, गरीबों तक योजना पहुंचाने के लिए मैदान में उतरे कार्यकर्ता
नेता सदन जय भगवान यादव का विपक्ष पर परोक्ष निशाना—‘योजनाएं सिर्फ घोषणाओं से नहीं, जमीन पर पहुंचने से सफल होती हैं’
नई दिल्ली। दिल्ली में गरीब और वंचित परिवारों तक केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच मजबूत करने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को लेकर इसी रणनीति के तहत दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव ने सिविक सेंटर स्थित अपने कार्यालय में प्रदेश टीम और कार्यकर्ताओं के साथ अहम मंथन किया।
बैठक में साफ संदेश दिया गया कि उज्ज्वला जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। कार्यकर्ताओं से मिले जमीनी फीडबैक, स्थानीय समस्याओं और योजना के प्रचार-प्रसार से जुड़े सुझावों पर चर्चा करते हुए दिल्ली के हर जरूरतमंद परिवार तक योजना को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की कार्ययोजना पर जोर दिया गया।
राजनीतिक तौर पर बैठक को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि भाजपा दिल्ली में मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाकर अपने जनसंपर्क अभियान को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। यादव ने स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक असर तभी दिखाई देता है, जब उनका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
‘घोषणाओं की राजनीति नहीं, डिलीवरी की राजनीति’ पर जोर
जय भगवान यादव ने कहा कि गरीब के घर तक स्वच्छ ईंधन पहुंचाना केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि सम्मान और बेहतर जीवन से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पात्र लाभार्थियों की पहचान से लेकर योजना का लाभ दिलाने तक सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को दिल्ली में धरातल पर उतारने के लिए संगठन और सरकार मिलकर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली को अंत्योदय के रास्ते पर आगे ले जाने का लक्ष्य है।
यादव ने कार्यकर्ताओं को भाजपा की जनसेवा की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि राजनीति का असली मूल्य सत्ता में नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने में है।बैठक से यह संकेत भी गया कि आने वाले समय में भाजपा दिल्ली में केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर लाभार्थी संपर्क और बूथ स्तर तक जनसंवाद को और तेज कर सकती है।
