दिल्ली में भाजपा के ऑपरेशन लोटस को आम आदमी पार्टी ने किया फेल- दुर्गेश पाठक

बजाते रहो न्यूज़

‘आप’ विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में भाजपा का ऑपरेशन लोटस फेल किया है। भाजपा ने सरकार को गिराने की मंशा से दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जी को टार्गेट किया लेकिन उन्होंने भाजपा का ऑपरेशन लोटस फेल कर दिया। भाजपा ने सीबीआई, ईडी आदि को हथियार बनाकर अलग-अलग राज्यों में ऑपरेशन लोटस चलाया। 2014 से अबतक भाजपा अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, गोआ, कर्नाटक, मेघालय, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सरकार गिरा चुकी है। अब दिल्ली में भी वही करना चाहती है। भले ही भाजपा का ऑपरेशन लोटस अन्य राज्यों में सफल रहा लेकिन केजरीवाल की ईमानदार सरकार के होते हुए दिल्ली में यह संभव नहीं है। भाजपा हमेशा इसी कोशिश में रहती है कि किस प्रकार ‘आप’ के विधायकों को धमकाया जाए, उनके खिलाफ एफआईआर की जाए और उन्हें जेल में डाला जाए। मैं भाजपा से कहना चाहता हूं कि आम आदमी पार्टी राजनीति में पैसा कमाने नहीं बल्कि देश को बदलने आई है। लोगों को यकीन है कि यदि केजरीवाल दिल्ली में स्कूल, स्वास्थ्य, बिजली, पानी आदि व्यवस्थाओं में सुधार कर सकते हैं तो किसी भी राज्य में कर सकते हैं। भाजपा इसी बात से सहमी हुई है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, एमसीडी प्रभारी एवं राजेंद्र नगर से विधायक दुर्गेश पाठक ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 से हर कुछ महीनों के अंतराल पर भाजपा ने कितनी बेशर्मी और दादागिरी से केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके कई राज्यों में दूसरी सरकारों को गिराकर अपनी सरकार बनाई। अभी कुछ ही समय पहले महाराष्ट्र में शिव सेना को तोड़कर भाजपा ने अपनी सरकार बना ली। इससे पहले 2018 में कर्नाटक में कुमारस्वामी जी की सरकार के 17 विधायकों को तोड़कर अपनी पार्टी में शामिल कर भाजपा ने अपनी सरकार बना ली। मेघालय के 2018 के चुनाव में भाजपा ने 60 सीटों में से केवल 2 सीटें जीती थीं। इसके बाद भाजपा ने वहां ऑपरेशन लोटस चलाया और लगभग 34 विधायकों को खरीदकर अपनी सरकार बना ली।

इसी प्रकार से मणिपुर के 2017 के चुनाव में भाजपा ने 60 सीटों में से कवल 21 सीटें जीती थीं। इसके बाद भाजपा ने नेशनल पीपल्स पार्टी, क्षेत्रीय पार्टियों और कांग्रेस विधायक एन. बीरेन सिंह के साथ मिलकर राज्य में अपनी सरकार बनाई और भाजपा ने अपने वादे अनुसार एन. बीरेन सिंह को मणिपुर का मुख्यमंत्री बनाया। गोआ का इतिहास तो सभी जानते हैं। 2017 के चुनाव में भाजपा ने 40 में से केवल 13 सीटें प्राप्त की थीं और कांग्रेस उस वक्त वहां की सबसे बड़ी पार्टी थी। वहां भी भाजपा ने 12-13 विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल कर राज्य सरकार गिराकर अपनी सरकार बना ली। अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस ने 60 में से 40 सीटें जीती थीं लेकिन वहां भी भाजपा अपनी सरकार बनाने में सफल रही। मध्यप्रदेश में भाजपा ने कांग्रेस के 22 विधायकों को तोड़कर अपनी पार्टी में शामिल किया और वहां अपनी सरकार बनाई। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में भी ऑपरेशन लोटस चलाया और कांग्रेस के 8 विधायकों को तोड़कर चुनाव जीत लिया।

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद इन सभी घटनाओं को भाजपा के नेता मुस्कुराते हुए अपने ऑपरेशन लोटस के बारे में साझा करते थे। भाजपा ने सीबीआई, ईडी, एनआईए और राज्य पुलिस को हथियार बनाकर अलग-अलग राज्यों में कमल खिलाया। 2014 में जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो उसके कुछ ही महीनों बाद दिल्ली में चुनाव हुआ और आम आदमी पार्टी की सरकार बनी। तब से लेकर आजतक भाजपा ‘आप’ सरकार को गिराने की कोशिश में लगी है। भाजपा हमेशा इसी कोशिश में रहती है कि किस प्रकार ‘आप’ के विधायकों को धमकाया जाए, किस प्रकार उनपर एफआईआर की जाए। आम आदमी पार्टी के 40 से ज्यादा विधायकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। किसी को 3 महीने तो किसी को 6 मीहनों तक जेल में रखा गया। किसी को पैसों का प्रलोभन दिया गया।

‘आप’ नेता ने कहा कि शुरुआत से ही भाजपा की यही मंशा रही है कि जो ऑपरेशन लोटस मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गोआ, कर्नाटक, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में हुआ वही ऑपरेशन लोटस दिल्ली में भी हो। इसी कोशिश में इन्होंने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जी पर निशाना साधा। एक पुरानी कहावत है कि ‘शाम, दाम, दंड, भेद’ इनके प्रयोग से कुछ भी संभव है। लेकिन भाजपा का दुर्भाग्य है कि आम आदमी पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसके नेता और वॉलंटियर्स आज भी चप्पल पहनकर चलते हैं। हम राजनीति में पैसा कमाने नहीं आए हैं। हम राजनीति में देश बदलने आए हैं। सभी जानते हैं कि हम राजनीति में आना ही नहीं चाहते थे, हमें तो जनता ने कहा कि तुम भी राजनीति में जाओ। हम अगर राजनीति में आए हैं तो हम इस देश की राजनीति को बदलेंगे।

उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष हो गए हैं, अभी तक सड़कों, स्कूल, स्वास्थ्य किसी चीज में सुधार नहीं है। आज भी घंटों तक बिजली नहीं आती है, अस्पातालों के आगे लोगों की मौत हो जाती है इतना भ्रष्टाचार हो रहा है। लोग सोच रहे हैं कि यदि केजरीवाल दिल्ली में सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध करा सकते हैं तो अन्य राज्यों में भी करा सकते हैं। यह बात प्रधानमंत्री मोदी जी और पूरी भाजपा के नेताओं को चुभ रही है।

‘आप’ विधायक ने कहा कि पिछले 5 दिनों से भाजपा की सभी प्रेसवार्ताओं को सुन रहा हूं। भाजपा के नेताओं को पता ही नहीं है कि कहना क्या है। सभी लोग सिर्फ एक ही बात रट रहे हैं कि गड़बड़ी की गई है। सच्चाई तो यह है कि भाजपा पूरी तरह से सहमी हुई है। भाजपा को पता है कि कांग्रेस या अन्य पार्टियों को कैसे डील करना है। लेकिन भाजपा को अभीतक समझ नहीं आया है कि आम आदमी पार्टी को कैसे डील करना है क्योंकि आम आदमी पार्टी एक ईमानदार पार्टी है। देश के लोगों ने मिलकर इस पार्टी को बनाया है। आम आदमी पार्टी के नेता ठेकेदारों को बुलाकर यह नहीं कहते हैं कि इस प्रॉजेक्ट में इतना प्रतिशत हिस्सा मेरा होगा। हम भारत माता को भाजपा से आजादी दिलाएंगे, इन गुंडे-मवालियों का खात्मा करेंगे जिससे भारत एक ऐसा देश बन सके जिसपर सभी को गर्व हो।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.