#MCD : इस बड़ी वजह से लंबा लटकने वाला है महापौर और स्थाई समिति का चुनाव

बजाते रहो न्यूज़

दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल द्वारा एल्डरमैन मुद्दे पर दिल्ली के उपराज्यपाल से लगातार किया जा रहा पत्राचार अब साफ दर्शा रहा है कि वह एक बार पुनः दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक विवाद खड़ा करना चाह रहे हैं।

सचदेवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री लगातार तर्कहीन पत्र लिख रहे हैं और यह गंभीर विषय है कि वह दिल्ली नगर निगम एक्ट में संसद में पारित संशोधनों को भी स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं।  सचदेवा ने कहा है कि संसद में 2022 में पारित संशोधन के बाद दिल्ली नगर निगम एक्ट में शब्द सरकार का मतलब अब केन्द्र सरकार है और उपराज्यपाल जिस तरह कानून व्यवस्था, जमीन एवं सेवायें इन तीन मुद्दों पर निर्णय के लिये अधिकृत हैं, उसी तरह अब वह दिल्ली नगर निगम के मामलों पर भी निर्णय लेने के लिये अधिकृत हैं।

सचदेवा ने कहा है कि नगर निगम चुनाव से पहले मुख्यमंत्री 200 वार्ड से अधिक जीतने का दावा करते थे पर जब चुनाव का नतीजा आया तो उसमें उन्हें मामूली बहुमत मिला और साथ ही लगभग आधे निगम जोनों में या तो भाजपा का बहुमत आया है या दोनों दल लगभग बराबरी पर हैं। उपराज्यपाल से पत्राचार विवाद करके मुख्यमंत्री अब ना तो दिल्ली नगर निगम में महापौर का और ना ही स्थाई समिति का चुनाव होने देना चाहते हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.