भाजपा के खिलाफ आप नेताओं का हल्लाबोल

272 वार्डों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ पदयात्रा की

भाजपा शासित एमसीडी द्वारा 200 करोड़ रुपए कीमत के नॉवेल्टी सिनेमा की जमीन को मात्र 34 करोड़ रुपए में बेचने के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने आज नॉवेल्टी सिनेमा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इससे पहले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के सभी 272 वार्डों में भाजपा के खिलाफ पदयात्रा भी की। नार्थ एमसीडी के एलओपी विकास गोयल ने कहा कि भाजपा के नेताओं ने अपनी जेबें भरने के लिए यह जमीन अपने ही लोगों को औने-पौने दामों में बेची है। भाजपा, एमसीडी में घोटाले पर घोटाले करती आई है और अब एमसीडी को पूरी तरह से दिवालिया बना दिया है। दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल के 7 सालों के विकास मॉडल से प्रभावित होकर आने वाले चुनाव में एमसीडी की सत्ता आम आदमी पार्टी को सौंपना चाहती है।

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के सभी 272 वार्डों में एमसीडी के खिलाफ पदयात्रा की। जिस दौरान उन्होंने जन संवाद कर लोगों को अवगत कराया कि किस प्रकार भाजपा की एमसीडी ने करीब 200 करोड़ रुपए कीमत के नॉवेल्टी सिनेमा को केवल 34 करोड़ रुपए में बेच दिया। पदयात्रा में एमसीडी की पोल खोलते हुए लोगों को बताया कि किस प्रकार से भाजपा ऐसे भ्रष्टाचार की मदद से अपनी जेब भरने की कोशिश कर रही है।

आम आदमी पार्टी से नॉर्थ एमसीडी के नेता प्रतिपक्ष विकास गोयल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा की एमसीडी द्वारा किए गए घोटाले का कड़ा विरोध करते हुए नॉवेल्टी सिनेमा पर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी से नॉवेल्टी सिनेमा बेचने का निर्णय वापस लेने की मांग की और कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती है, तब तक पार्टी विरोध करती रहेगी और दिल्ली की जनता को इस भ्रष्टाचार से अवगत कराएगी। ‘आप’ कार्यकर्ताओं का यह विरोध-प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।

आम आदमी पार्टी के नार्थ एमसीडी में नेता विपक्ष विकास गोयल ने कहा कि पिछले 15 साल से एमसीडी में भारतीय जनता पार्टी का शासन है। दिल्ली की जनता ने 15 साल से भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा करते हुए एमसीडी की सत्ता सौंपी है। लेकिन इन 15 सालों में एमसीडी की किसी भी जिम्मेदारी को निभाने में भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से विफल रही है। वह चाहे सफाई की बात हो, चाहे एमसीडी के अस्पताल चलाने की बात हो, चाहे एमसीडी के स्कूल चलाने की बात हो, चाहे वह जल जनित बीमारियां रोकने की बात हो, लेकिन भाजपा से कोई भी काम ठीक से नहीं हुआ। लेकिन एक काम ऐसा है जिसमें उन्होंने पूरी सफलता हासिल की है और बिना किसी गलती के बहुत अच्छे से किया है। वह काम भ्रष्टाचार है।

विकास गोयल ने कहा, ऐसा कोई भी मौका इन्होंने नहीं छोड़ा जहां उन्होंने भ्रष्टाचार न किया हो। फिर चाहे वह भलस्वा लैंडफिल साइट का घोटाला हो, दवाइयों का घोटाला हो, किताबों का घोटाला हो, चाहे वह मिड डे मील का घोटाला हो, उनके भ्रष्टाचार की कहानी इतनी लंबी है कि उस पर पूरी किताब लिख सकते हैं। आज उस भ्रष्टाचार के कारण एमसीडी दिवालिया हो गई है। कर्मचारियों को तनख्वाह देने के लिए पैसे नहीं हैं, रिटायर्ड कर्मचारियों को पेंशन देने के लिए पैसे नहीं हैं, अस्पतालों में दवाई नहीं है, स्कूलों में किताबें नहीं हैं। तो आज हालत यह हो गई है कि एमसीडी पूरी तरह से दिवालिया हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे पूरी तरह से खोखला कर दिया है। और अब दिल्ली की जनता इन्हें एमसीडी की सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए तैयार बैठी है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को भी एहसास हो गया है कि दिल्ली की जनता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पिछले 7 सालों के विकास मॉडल से प्रभावित होकर एमसीडी में भी वही विकास मॉडल चाहती है और आने वाले चुनाव में एमसीडी की सत्ता आम आदमी पार्टी को सौंपना चाहती है।

उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी के नेता जाते-जाते, जो छह-सात महीने बचे हैं, इनकी नजर एमसीडी की प्रॉपर्टी पर है। इसलिए इन्होंने अपनी जेबें भरने के लिए यह जमीन अपने ही लोगों को औने-पौने दामों में बेची है। इसके अलावा, इस तरह की अन्य कई जमीनों को बेचने के लिए यह लोग प्रस्ताव लगातार लेकर आ रहे हैं। इसका जीता जाता उदाहरण यह नॉवल्टी सिनेमा है।

आप पार्षद ने कहा, आज हम जिस जगह पर खड़े हैं, आप अच्छे से देख सकते हैं यहां पर पूरे देश के व्यापारी हैं। पुरानी दिल्ली व्यापारियों का हब है। यहां की 100 मीटर की दुकानें भी 40-45 करोड़ से कम की नहीं हैं और भाजपा ने पूरी 1157 मीटर की जमीन को सिर्फ 34 करोड़ में बेच दिया। यह भ्रष्टाचार का जीता जागता उदाहरण है। आम आदमी पार्टी इस भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना प्रदर्शन जारी रखेगी। सदन में जारी रखेगी, सड़क पर जारी रखेगी। आज इसी श्रंखला में 272 वार्डों में हमारे पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा करके जनता तक इस घोटाले कि जानकारी पहुंचाई। आज हम नॉवल्टी सिनेमा पर खड़े होकर इस घोटाले की पोल खोल रहे हैं। मेरी आस पास के व्यापारियों से बात हुई लोगों के बीच में इस भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा रोष है। उनका भी यही मानना है कि ऐसा भ्रष्टाचार बिल्कुल नहीं होना चाहिए। आम आदमी पार्टी का यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक यह प्रस्ताव वापस नहीं होता है। दिल्ली की जनता और आम आदमी पार्टी की साढे चार साल की यह लड़ाई जारी रहेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.