दिल्ली में सफाई व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार, 70 आधुनिक मशीनों से रोजाना 5 हजार किलोमीटर सड़कों की होगी सफाई

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 10 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और 9 सहायक वाहनों को दिखाई हरी झंडी, एआई और सेंसर से होगी निगरानी

नई दिल्ली। दिल्ली में सड़क की धूल से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण और सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को एमसीडी मुख्यालय स्थित डॉ. एसपीएम सिविक सेंटर से 10 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और 9 सहायक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी 70 प्रस्तावित मशीनों के निगम बेड़े में शामिल होने के बाद मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों की संख्या 66 से बढ़कर 136 हो जाएगी। इससे प्रतिदिन करीब 5 हजार किलोमीटर सड़क की लेन लंबाई की सफाई संभव होगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को लंबे समय से आधुनिक सफाई व्यवस्था की जरूरत थी। 70 आधुनिक मशीनों की तैनाती राजधानी की सफाई व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगी। पहले चरण में 10 मशीनें पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष 60 मशीनें भी जल्द निगम के बेड़े में शामिल की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि नई मशीनें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सेंसर तकनीक से लैस हैं। इनके संचालन की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। मशीनों ने कितनी दूरी तय की, कितने घंटे काम किया और कितनी धूल एकत्र की, इसकी जानकारी उपलब्ध रहेगी। इससे सफाई कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क की धूल दिल्ली में वायु प्रदूषण का प्रमुख कारण है। खासकर सर्दियों में इसका प्रभाव बढ़ जाता है। ऐसे में आधुनिक मशीनों के जरिए धूल नियंत्रण की व्यवस्था को मजबूत करना प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण कदम है।

पहले चरण में रवाना की गई 10 मशीनों में एक बड़ी सीएनजी संचालित मशीन और 9 मध्यम क्षमता वाली इलेक्ट्रिक मशीनें शामिल हैं। इनके साथ पांच वाटर टैंकर और चार डस्ट डंप वाहन भी लगाए गए हैं। प्रत्येक मशीन से एक शिफ्ट में प्रतिदिन न्यूनतम 40 किलोमीटर सड़क की लेन लंबाई की सफाई का लक्ष्य रखा गया है। मशीनों के रखरखाव के लिए टेंडर में 10 साल की व्यवस्था भी की गई है।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निगम सफाई व्यवस्था को आधुनिक और मशीनीकृत बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इन मशीनों से सड़क सफाई में तेजी आएगी और धूल नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली में धूल प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक और तकनीक आधारित उपाय लागू किए जा रहे हैं। नई मशीनें सीएनजी और बिजली से संचालित होंगी। सभी मशीनों की तैनाती के बाद राजधानी के प्रमुख मार्गों की सफाई व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।

एमसीडी के पास फिलहाल 66 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 2,100 किलोमीटर सड़क की लेन लंबाई की सफाई की जा रही है। नई 70 मशीनों में 55 इलेक्ट्रिक और 15 सीएनजी संचालित मशीनें शामिल होंगी। सभी मशीनों के शामिल होने के बाद प्रतिदिन करीब 5,000 किलोमीटर सड़क की लेन लंबाई की सफाई का लक्ष्य है। इन्हें दिल्ली नगर निगम के सभी 12 जोनों में चरणबद्ध तरीके से तैनात किया जाएगा।

इस अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।