सफाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में निगम का बड़ा फैसला, डेम्स समिति अध्यक्ष संदीप कपूर ने महापौर, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का जताया आभार

दिल्ली में 2,500 सफाई कर्मचारियों की भर्ती का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में राजधानी की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 2,500 अवकाशकालीन वैकल्पिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इस निर्णय से दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

महापौर प्रवेश वाही ने बताया कि सदन की बैठक में प्रदूषण, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विभिन्न दलों के पार्षदों ने चर्चा की और अपने सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि निगम दिल्लीवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। 2,500 कर्मचारियों की भर्ती से सफाई व्यवस्था को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न की जाएगी।

इस निर्णय पर डेम्स समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर ने महापौर प्रवेश वाही, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 2,500 नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती का प्रस्ताव पारित होना दिल्ली की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

संदीप कपूर ने आशा व्यक्त की कि इन कर्मचारियों की भर्ती के बाद दिल्ली के सभी क्षेत्रों में सफाई कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में निगम को सहायता मिलेगी।महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम नागरिक सुविधाओं में सुधार और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।