दिल्ली में 2,500 अवकाशकालीन सफाई कर्मचारियों की होगी भर्ती, जल्द निकलेगा विज्ञापन

महापौर प्रवेश वाही ने की घोषणा, आवेदन निःशुल्क होंगे; दिल्ली में पांच साल के निवास का प्रमाण देना अनिवार्य

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम राजधानी की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2,500 अवकाशकालीन वैकल्पिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती करेगा। महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को निगम मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए जल्द ही समाचार पत्रों में विज्ञापन जारी किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी।

महापौर ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया की निगरानी के लिए उपायुक्त स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया जाएगा। ये टीमें आवेदन प्राप्त करने, दस्तावेजों की जांच और शारीरिक परीक्षण की प्रक्रिया पर नजर रखेंगी। आवेदन पत्र निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

भर्ती के लिए आवेदक को दिल्ली में पिछले पांच वर्षों से निवास करने का प्रमाण देना होगा। साथ ही संबंधित जोन के अधिकार क्षेत्र में निवास करना भी अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया निर्धारित भर्ती नियमों और पात्रता मानदंडों के अनुसार पूरी की जाएगी।

इस मौके पर महापौर ने कर्मचारी कल्याण से जुड़े फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि करुणामूलक आधार पर नियुक्त 177 कर्मचारियों की सेवाएं एक अप्रैल 2004 से नियमित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा दिवंगत निगम कर्मचारियों के 65 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर मल्टी टास्किंग स्टाफ (इंजीनियरिंग) के पद पर नियुक्ति देने की स्वीकृति दी गई है।

प्रेस वार्ता में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा और नियुक्ति, पदोन्नति एवं अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष मुकेश गोयल भी उपस्थित रहे। महापौर ने कहा कि निगम का उद्देश्य सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना भी है।