प्रदूषण के खिलाफ मास्क पहनकर एमसीडी सदन पहुंचे आप पार्षद

अंकुश नारंग ने भाजपा सरकार को घेरा, बोले- एक्यूआई के आंकड़ों से छेड़छाड़ के बजाय प्रदूषण कम करने के ठोस कदम उठाए जाएं

नई दिल्ली, 27 नवंबर।दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के विरोध में आम आदमी पार्टी के पार्षद शुक्रवार को मास्क पहनकर एमसीडी सदन पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग के नेतृत्व में पार्षदों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदूषण, कूड़े के ढेर, कर्मचारियों के वेतन तथा वार्डों के विकास बजट का मुद्दा उठाया।

अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है और लोग साफ हवा में सांस लेने के लिए तरस रहे हैं। दिवाली के दौरान एक्यूआई 2000 तक पहुंचने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इसके बाद भी प्रदूषण का स्तर 400 से 500 के बीच बना रहा। गुरुवार रात एक्यूआई 337 दर्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रदूषण कम करने के बजाय आंकड़ों से छेड़छाड़ कर रही है। सिविक सेंटर की 28वीं मंजिल पर लगी एंटी स्मॉग गन भी काम नहीं कर रही है।

नारंग ने कहा कि दिल्ली की सड़कों और गलियों में कूड़े के ढेर बढ़ते जा रहे हैं। सफाई व्यवस्था बदहाल है और एमसीडी इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने प्रत्येक पार्षद को विकास कार्यों के लिए घोषित दो करोड़ रुपये में से अब तक केवल 75 लाख रुपये जारी किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने महापौर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार से शेष 1.25 करोड़ रुपये तत्काल जारी करने की मांग की।

एमसीडी के सह प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। सरकार प्रदूषण नियंत्रण के दावे कर रही है, जबकि सिविक सेंटर में लगी एंटी स्मॉग गन तक खराब पड़ी है। उन्होंने कहा कि आप पार्षदों ने मास्क पहनकर प्रदर्शन के माध्यम से सरकार का ध्यान प्रदूषण की गंभीर स्थिति की ओर आकर्षित किया।

सह प्रभारी प्रीति डोंगरा ने आरोप लगाया कि एमसीडी के पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन भाजपा के प्रचार पर सरकारी संसाधन खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओखला में कर्मचारियों को वेतन के लिए धरने पर बैठना पड़ा, जबकि निगम मुख्यालय में भाजपा का प्रचार किया जा रहा है।