पब्लिक हेल्थ विभाग के कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी राहत, समान वेतन पर जल्द लग सकती है मुहर

दिल्ली नगर निगम के पब्लिक हेल्थ विभाग के कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से समान वेतन की मांग कर रहे कर्मचारियों की मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। निगम आयुक्त की अध्यक्षता में इस मुद्दे को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है, जिसमें विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

 

सूत्रों के अनुसार, पब्लिक हेल्थ विभाग के एमएचओ के साथ हुई बैठकों में कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया गया है। इस दौरान महापौर ने भी पत्रकारों के साथ हुई बैठक में संकेत दिए कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सकारात्मक सहमति बनी है और जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

 

बताया जा रहा है कि पब्लिक हेल्थ विभाग के करीब 250 कर्मचारियों ने समान वेतन की मांग उठाई थी। इसी मामले में कोर्ट के आदेश के बाद निगम प्रशासन ने 60 कर्मचारियों को बेसिक ग्रेड पर वेतन देने का फैसला लिया है। कर्मचारियों का कहना है कि यह उनके लंबे संघर्ष और लगातार उठाई गई आवाज का परिणाम है।

 

कर्मचारियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में बाकी कर्मचारियों को भी समान वेतन का लाभ मिलेगा। यदि यह फैसला पूरी तरह लागू होता है, तो इससे कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ उनका मनोबल भी बढ़ेगा।