नई दिल्ली।दिल्ली में लगातार बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं एमसीडी में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने भाजपा शासित एमसीडी प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, लेकिन निगम प्रशासन सिर्फ दावे और विज्ञापनों तक सीमित होकर रह गया है।
अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली की सड़कों, गलियों और बाजारों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही, जिससे जलभराव और गंदगी की समस्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है, लेकिन एमसीडी की तैयारियां जमीनी स्तर पर कहीं दिखाई नहीं दे रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये सफाई व्यवस्था पर खर्च किए जाने के बावजूद आम जनता को उसका लाभ नहीं मिल रहा। कई वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था प्रभावित है और स्थानीय लोग बदबू व गंदगी के बीच रहने को मजबूर हैं।
अंकुश नारंग ने कहा कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बरसात के दौरान दिल्ली के कई हिस्सों में गंभीर जलभराव और बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने एमसीडी प्रशासन से तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने, नालों की सफाई तेज करने और कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता साफ-सुथरी और बेहतर व्यवस्था चाहती है, लेकिन भाजपा शासित एमसीडी जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है।
