दिल्ली को स्वच्छ, धूल-मुक्त और स्वस्थ बनाने के लिए एमसीडी का व्यापक अभियान जारी : जय भगवान यादव

नई दिल्ली।दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, धूल-मुक्त और स्वस्थ बनाने की दिशा में एमसीडी लगातार व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत एमसीडी के सभी 12 जोनों में “धूल मुक्त सड़क” एवं विशेष स्वच्छता अभियान प्रभावी रूप से संचालित किए जा रहे हैं।

जय भगवान यादव ने कहा कि राजधानी में बढ़ते प्रदूषण और धूल की समस्या को नियंत्रित करने के लिए निगम द्वारा आधुनिक तकनीकों और संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। सड़कों, फुटपाथों तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनें, वाटर स्प्रिंकलिंग, जेटिंग मशीनों और बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मियों की तैनाती की गई है।

उन्होंने कहा कि एमसीडी का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना भी है। निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान से सड़कों पर धूल कम होगी, प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी और नागरिकों को बेहतर वातावरण प्राप्त होगा।

जय भगवान यादव ने सभी दिल्लीवासियों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में एमसीडी का सहयोग करें और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना स्वच्छ दिल्ली का सपना पूरा नहीं किया जा सकता।

उन्होंने विश्वास जताया कि एमसीडी की निरंतर कार्यवाही और नागरिकों के सहयोग से दिल्ली को स्वच्छ, धूल-मुक्त और स्वस्थ राजधानी बनाने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।