दिल्ली में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार चिंता का विषय : कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश

नई दिल्ली। दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और उत्पीड़न की घटनाओं को लेकर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और आए दिन सामने आ रही घटनाएं सरकार के दावों की पोल खोल रही हैं।

नाज़िया दानिश ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं के साथ दुष्कर्म, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न और सामाजिक भेदभाव की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में सामने आए कई मामलों ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं। दिल्ली के जामिया नगर क्षेत्र में एक युवती द्वारा अपहरण, गैंगरेप और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप का मामला हो या महिलाओं के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार की घटनाएं — यह सब दर्शाता है कि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि देश में दहेज हत्या और महिलाओं पर अत्याचार के मामलों में भी लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय है। हालिया रिपोर्टों के अनुसार भारत में प्रतिदिन औसतन 16 महिलाओं की दहेज संबंधी कारणों से मौत हो रही है, जो समाज और सरकार दोनों के लिए गंभीर चेतावनी है।

कांग्रेस नेत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल भाषणों और विज्ञापनों से सुनिश्चित नहीं होगी, बल्कि जमीनी स्तर पर सख्त कानून व्यवस्था, महिला हेल्पलाइन की मजबूती, पुलिस की जवाबदेही और तेज न्याय प्रक्रिया की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिला सुरक्षा के मुद्दे पर केवल राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत बेहद भयावह है।

नाज़िया दानिश ने मांग की कि दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर रोक लगाने के लिए विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जाए, हर थाने में महिला शिकायतों की तत्काल सुनवाई सुनिश्चित हो तथा दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई लगातार उठाती रहेगी।