नई दिल्ली, 23 जून। दिल्ली नगर निगम के मेयर Pravesh Wahi ने मंगलवार को केशवपुरम जोन के सरस्वती विहार और रानी बाग क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने तथा विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने सरस्वती विहार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का आकलन करते हुए कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेयर ने सरस्वती विहार पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। इसके बाद उन्होंने शारदा मंदिर परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी का आह्वान किया।
क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए मेयर ने आउटफॉल ड्रेन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि मानसून के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
डीडीए मार्केट क्षेत्र के दौरे के दौरान मेयर ने सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और पेड़ों की नियमित छंटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं रानी बाग क्षेत्र में उन्होंने सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए नागरिक सुविधाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया।
रानी बाग चौक में बढ़ते यातायात दबाव और पार्किंग की समस्या को देखते हुए मेयर ने मल्टी लेवल पार्किंग की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
मेयर ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से उन्होंने मौजूदा ढलाव स्थल के स्थान पर कॉम्पेक्टर लगाने की संभावनाओं का परीक्षण करने को भी कहा।
निरीक्षण के समापन पर मेयर ने दोहराया कि दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी अधिकारियों को जमीनी स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करनी होगी।
