11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट से पूर्वांचल की आस्था को मिला सम्मान: अमित नागपाल

रोहिणी के करीब 15 लाख लोगों को मिलेगा लाभ, यातायात जाम और प्रदूषण की समस्या में भी आएगी कमी

नई दिल्ली। शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के निगम पार्षद अमित नागपाल ने पूर्वांचल के सभी भाई-बहनों को छठ पूजा के महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा, परंपरा और प्रकृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

अमित नागपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा की देखरेख में निर्मित 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट पूर्वांचल की आस्था और सम्मान का प्रतीक बनेगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा इसका लोकार्पण दिल्ली के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के साथ विकसित होने वाली सड़कें रोहिणी के लगभग 15 लाख नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचाएंगी। इससे यातायात का दबाव कम होगा और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

अमित नागपाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शालीमार बाग विधानसभा का निगम पार्षद होने के नाते क्षेत्र के विकास और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को भी आगे बढ़ा रहा है। विकास भी, विरासत भी, यही नए भारत की पहचान है।अंत में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए जय छठी मैया का उद्घोष किया।