नई दिल्ली, 28 जून। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिससे वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून की शाम गुप्त सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर दीपक पांडे के नेतृत्व में एएटीएस की टीम ने एसीपी ऑपरेशन सतेन्द्र कुमार की निगरानी में गोकुलपुरी गांव स्थित मेट्रो पिलर नंबर-268 के पास जाल बिछाया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोका गया। पूछताछ में वे बाइक के दस्तावेज नहीं दिखा सके। जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल थाना खजूरी खास क्षेत्र से चोरी की गई थी।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर (22) निवासी ओल्ड मुस्तफाबाद और मोहम्मद कैफ (20) निवासी न्यू मुस्तफाबाद के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कई वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर थाना वेलकम, नंद नगरी और एमएस पार्क क्षेत्रों से चोरी की गई तीन अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 35.1(ई)/106 के तहत थाना गोकुलपुरी में कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं और चोरी के वाहनों को खरीदने वाले गिरोह का भी पता लगाया जा रहा है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल (आईपीएस) ने कहा कि एएटीएस की यह कार्रवाई वाहन चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने और चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आगे की जांच जारी है।
