नई दिल्ली, 28 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 135वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को दिल्ली भाजपा द्वारा व्यापक स्तर पर आयोजित किया गया। पार्टी के अनुसार, राजधानी के 8,367 बूथों पर कार्यकर्ताओं, स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने निवास पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों तथा पार्टी कार्यालय के कर्मचारियों के साथ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी तथा सह मीडिया प्रमुख संजय मयूख भी उपस्थित रहे।

दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद तरुण चुघ ने ईस्ट पटेल नगर में, संगठन महामंत्री पवन राणा ने दिल्ली कैंट क्षेत्र में, सांसद मनोज तिवारी ने नवीन शाहदरा में, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने एनसीआरटी परिसर में तथा सांसद योगेन्द्र चांदोलिया ने रोहिणी सेक्टर-3 में कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कश्मीरी गेट स्थित अग्रसेन पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश के विकास, पारिवारिक सुरक्षा, सामाजिक सहभागिता तथा पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध परंपराओं जैसे विषयों पर प्रेरक विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा पार्टी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को अपने निवास पर आमंत्रित कर सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुनना भाजपा को एक परिवार के रूप में मजबूत करने का संदेश देता है।हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री द्वारा नागालैंड में 5 से 11 वर्ष की बच्चियों के लिए आयोजित बेबी फुटबॉल लीग का उल्लेख किए जाने को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस पहल ने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है।
दिल्ली भाजपा के अनुसार, राजधानी के सभी 8,367 बूथों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
