विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में नेता सदन जय भगवान यादव ने गिनाईं मोदी सरकार के 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियां, विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का किया आह्वान
नई दिल्ली। बदरपुर विधानसभा में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” में दिल्ली नगर निगम के नेता सदन एवं स्थायी समिति के सदस्य जय भगवान यादव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में बीते सवा वर्ष के दौरान राजधानी में हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए निर्णयों का भी उल्लेख किया।

जय भगवान यादव ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष भारत के इतिहास में परिवर्तनकारी दौर के रूप में दर्ज किए जाएंगे। इन वर्षों में देश ने गरीब कल्याण, आधारभूत ढांचे के विकास, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान, युवाओं के लिए नए अवसर, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है और आज भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार ने पिछले सवा वर्ष में विकास और सुशासन को नई गति दी है। राजधानी में सड़क, जल निकासी, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, हरित क्षेत्र के विकास तथा नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं। सरकार का उद्देश्य दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और राजधानी को विकसित एवं आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करना है।

जय भगवान यादव ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज सेवा की भावना के साथ जनता के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने का कार्य करे, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही देश और दिल्ली के विकास की सबसे बड़ी पूंजी है।
कार्यक्रम में बदरपुर विधानसभा से विधानसभा चुनाव प्रत्याशी नारायण दत्त शर्मा, क्षेत्र के सभी सम्मानित पार्षद, मंडल अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने और जनसेवा के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन के अंत में जय भगवान यादव ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी भाजपा सरकार सेवा, सुशासन और विकास की इसी भावना के साथ कार्य करती रहेगी तथा विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
