दिल्ली: करकड़डूमा गांव में पत्नी की हत्या, कुछ ही घंटों में आरोपी पति गिरफ्तार

नई दिल्ली, 29 जून। पूर्वी दिल्ली के करकड़डूमा गांव में 30 वर्षीय महिला की चाकू से गोदकर हत्या के सनसनीखेज मामले का दिल्ली पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है। 

पुलिस के अनुसार, 28 जून को थाना आनंद विहार में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई कि करकड़डूमा गांव स्थित एक कमरे में महिला खून से लथपथ पड़ी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक महिला का शव कई चाकू के घावों के साथ बरामद हुआ।मृतका की पहचान सोनम जोशी (30) के रूप में हुई, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थी। वह नोएडा में घरेलू सहायिका के रूप में कार्यरत थी और हाल ही में अपनी जेठानी कौशल के घर करकड़डूमा गांव में रहने आई थी।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अनुज जोशी हत्या की पूरी योजना बनाकर लखनऊ से दिल्ली आया था। उसने लखनऊ में ही चाकू खरीदा और बस से दिल्ली पहुंचा। 28 जून की सुबह करीब 5:40 बजे वह करकड़डूमा गांव स्थित कमरे में पहुंचा, जहां सोनम सो रही थी। आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने चाकू को प्लास्टिक के बैग में कमरे के अंदर ही छिपा दिया।

स्थानीय पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अनुज जोशी की उम्र लगभग 35 वर्ष है और वह लखनऊ में आइसक्रीम की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी पहली पत्नी ज्योति से तलाक हो चुका है, जिससे उसके दो बच्चे हैं। बाद में उसने सोनम जोशी से विवाह किया, जिनसे उसके तीन बच्चे हैं। वर्तमान में सभी पांच बच्चे लखनऊ में आरोपी के साथ रहते हैं।पुलिस इस हत्याकांड के पीछे के कारणों और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।