शाहदरा भाजपा में संगठन को मिली नई ताकत, नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत

वरिष्ठ नेताओं ने कहा— कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी, जल्द ही अन्य समर्पित कार्यकर्ताओं को भी मिलेंगी नई जिम्मेदारियां

नई दिल्ली, 30 जून। भारतीय जनता पार्टी शाहदरा जिला ने संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए मंगलवार को जिला कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान एवं स्वागत का भव्य समारोह आयोजित किया। समारोह में संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला। वरिष्ठ नेताओं ने नवदायित्व प्राप्त पदाधिकारियों को सम्मानित करते हुए उन्हें जनसेवा, संगठन विस्तार और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में शाहदरा जिला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता, जिला सह-प्रभारी किशन शर्मा, जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, लोकसभा विस्तारक नरेश वशिष्ठ, लक्ष्मी नगर विधायक एवं दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक अभय वर्मा तथा साउथ जोन एमसीडी चेयरमैन रामकिशोर शर्मा ने संयुक्त रूप से नवनियुक्त पदाधिकारियों का अभिनंदन किया। सभी पदाधिकारियों का भाजपा का पटका पहनाकर, गुलाब का पुष्प भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, दीपक मल्होत्रा, उर्मिला राजौर, कृष्ण भारद्वाज, अपर्णा गोयल एवं कमेश आचार्य, जिला महामंत्री अनिल शर्मा, गीता शर्मा एवं सुंदर चौधरी, जिला मंत्री कुसुम बंसल, राकेश गहलोत, रमाकांत, सुरेंद्र शर्मा, छवि कला सिंह एवं विजय गिलोत्रा, कोषाध्यक्ष कौशल अग्रवाल, कार्यालय मंत्री अशोक आहूजा, आईटी प्रमुख हितेश आर्य, सोशल मीडिया प्रमुख लक्ष्य भारद्वाज तथा जिला प्रवक्ता विनीत जैन एवं अमित क्वात्रा का सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में पद सम्मान का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और जनहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। संगठन की ताकत बूथ स्तर के समर्पित कार्यकर्ताओं से बनती है और प्रत्येक पदाधिकारी को जनता के बीच रहकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

नेताओं ने यह भी कहा कि जिन समर्पित कार्यकर्ताओं को इस चरण में संगठनात्मक दायित्व नहीं मिल पाया है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। संगठन विस्तार की प्रक्रिया लगातार जारी है और शीघ्र ही उन्हें भी नई एवं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता के समर्पण और परिश्रम का पूरा सम्मान किया जाता है।

समारोह के दौरान पूरे जिला कार्यालय में उत्साह का वातावरण रहा। कार्यकर्ताओं ने तालियों की गूंज और नारों के बीच नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने “राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि” के मूल मंत्र के साथ जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।