डॉ. आशुतोष मुखर्जी के विचार आज भी राष्ट्र का मार्गदर्शन कर रहे हैं : जय भगवान यादव

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में ‘बंगाल टाइगर’ डॉ. आशुतोष मुखर्जी के ऐतिहासिक भाषणों के संकलन पर आधारित पुस्तक ‘बंगाल टाइगर डॉ. आशुतोष मुखर्जी के संकलित भाषण’ का लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर एमसीडी के नेता सदन एवं स्थायी समिति के सदस्य जय भगवान यादव भी उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रहे। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, शिक्षा मंत्री आशीष सूद, केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित सांसद, विधायक, पार्षद और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर जय भगवान यादव ने कहा कि डॉ. आशुतोष मुखर्जी का शिक्षा, राष्ट्रनिर्माण और भारतीय सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाने में योगदान अविस्मरणीय है। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज तथा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और आने वाले समय में भी राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। जय भगवान यादव ने कहा, “महान व्यक्तित्व समय के साथ इतिहास का हिस्सा बन जाते हैं, लेकिन उनके विचार सदैव राष्ट्र और समाज का पथप्रदर्शन करते रहते हैं।”

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. आशुतोष मुखर्जी के ऐतिहासिक भाषणों का यह संकलन युवाओं को शिक्षा, राष्ट्रसेवा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करेगा तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।