पूर्वी दिल्ली में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, बदला लेने की साजिश नाकाम
ईस्ट डिस्ट्रिक्ट AATS ने सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस किए बरामद
नई दिल्ली, 1 जुलाई। पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने अवैध हथियार रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात की आशंका को टाल दिया। आरोपी के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी पुराने विवाद का बदला लेने की फिराक में था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्य चावला उर्फ लकी (20), निवासी ईस्ट विनोद नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। इस संबंध में पांडव नगर थाने में एफआईआर संख्या 223/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध हथियार रखने और उनकी तस्करी में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निरीक्षक आनंद सिंह के नेतृत्व तथा एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के पर्यवेक्षण में AATS की टीम को विशेष सूचना मिली कि ईस्ट विनोद नगर क्षेत्र में एक युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है।
सूचना के आधार पर 28 जून को टीम ने ईस्ट विनोद नगर स्थित डीटीसी बस डिपो के पास जाल बिछाया और संदिग्ध युवक को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार अपने एक प्रतिद्वंद्वी से पुरानी रंजिश का बदला लेने और अपनी सुरक्षा के लिए खरीदा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हथियार किससे खरीदा और उसके किसी आपराधिक गिरोह से संबंध हैं या नहीं।
पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित गंभीर अपराध को रोका जा सका और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली। मामले की जांच जारी है।
