50 मीटर तक की प्रॉपर्टी का हाउसटैक्स माफ करने की भाजपा की घोषणा झूठी:विकास गोयल

आम आदमी पार्टी के ट्रेड विंग संयोजक बृजेश गोयल ने दिल्ली के व्यापारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा की आम आदमी पार्टी का विरोध और दिल्ली के लगभग 10 लाख व्यापारियों के संघर्ष की जीत हुई है। भाजपा की एमसीडी ने जो ट्रेड व फैक्ट्री लाइसेंस फीस बढ़ाई थी, रेंटेड प्रॉपर्टी और खाली प्रॉपर्टी पर जो टैक्स बढ़ाया था, उसे भाजपा ने वापस ले लिया है। प्रेसवार्ता में मौजूद नॉर्थ एमसीडी के एलओपी विकास गोयल ने कहा, भाजपा ने 50 गज तक की संपत्तियों पर हाउस टैक्स माफ करने की घोषणा की थी। लेकिन यह भी झूठी निकली, ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं रखा गया है। आम आदमी पार्टी ने 50 गज तक की सभी संपत्तियों पर हाउस टैक्स माफ करने की घोषणा को जल्द से जल्द लागू करने की मांग की है।

आम आदमी पार्टी के ट्रेड विंग संयोजक बृजेश गोयल ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज जिस मुद्दे पर हम प्रेस वार्ता कर रहे हैं, वह एक बहुत ही महत्वपूर्ण मुद्दा है। यह लगभग 10 लाख व्यापारियों से जुड़ा हुआ मुद्दा है। कुछ महीनों पहले बीजेपी शासित एमसीडी ने कुछ तुग़लकी फरमान जारी किए थे। जिसमें जनरल ट्रेड लाइसेंस फीस को 17 गुना बढ़ा दिया, फैक्ट्री लाइसेंस फीस को लगभग 40 गुना बढ़ा दिया, किराए की संपत्ति पर हाउस टैक्स को लगभग दुगना कर दिया और खाली जगहों पर हाउस टैक्स लगभग डेढ़ गुना बढ़ा दिया था।

उन्होंने कहा, जब यह बढ़ोतरी हुई तो सदन और स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने इसपर पुरज़ोर विरोध किया। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया। बाजारों में जाकर सिगनेचर कैंपेन चलाया और दिल्ली के 5 लाख व्यापारियों से हस्ताक्षर कराया। दिल्ली के जो तमाम मार्किट एसोसिएशन्स हैं, आम आदमी पार्टी ने उन लोगों के साथ मिलकर अभियान चलाया। आम आदमी पार्टी ने हर संभव प्रयास किया कि भाजपा इस गरीब विरोधी फैसले को रद्द कर दे।

बृजेश गोयल ने कहा, इसी का परिणाम है कि आज बीजेपी शासित एमसीडी ने अपने इन तुग़लकी फरमानों को वापस ले लिया है। जो 17 गुना ट्रेड लाइसेंस की फीस थी उसको वापस लिया। फैक्ट्री लाइसेंस फीस की बढ़ाई गई दरों को वापस लिया, रेंटेड प्रॉपर्टी पर बढ़ाए गए हाउस टैक्स को वापस लिया और खाली जगहों पर डेढ़ गुना बढ़ाए गए टैक्स को भी वापस लिया। इसके लिए सबसे पहले मैं आम आदमी पार्टी के सभी पार्षदों और दिल्ली के तमाम व्यापारी संगठनों को बधाई देता हूँ। यह उनके संघर्ष की जीत है कि आज बीजेपी शासित एमसीडी ने इन तुग़लकी फरमानों को वापस लिया।

एमसीडी को चेतावनी देते हुए बृजेश गोयल ने कहा, जब-जब बीजेपी शासित एमसीडी इस तरह के आम आदमी विरोधी, व्यापार विरोधी कानून लेकर आएगी, आम आदमी पार्टी न केवल सदन में, स्टैंडिंग कमेटी में उसका विरोध करेगी बल्कि जनता और व्यापारियों के बीच जाकर भी इसका विरोध करेगी। और इसी तरह हम आम जनता व व्यापारियों की लड़ाई लड़ते रहेंगे।

प्रेसवार्ता में उपस्थित उत्तरी दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी से नेता प्रतिपक्ष विकास गोयल ने कहा, भारतीय जनता पार्टी का दोहरा चरित्र अब दिल्ली की जनता के सामने आ चुका है। एक तरफ कोरोना के नाम पर विज्ञापन कंपनियों और पार्किंग माफियाओं के करोड़ो रुपए माफ कर रहे हैं। दूसरी तरफ उसी कोरोना काल में उन्होंने व्यापारियों पर टैक्स का बोझ लाद दिया। लेकिन आज मैं दिल्ली जनता और व्यापारियों को बधाई देना चाहूंगा कि आम आदमी पार्टी के विरोध और व्यापारियों के संघर्ष के आगे भाजपा को झुकना पड़ा। भाजपा को टैक्स बढ़ाने के फैसले को वापस लेना पड़ा। और आज मैं भारतीय जनता पार्टी से कहना चाहता हूँ कि आपका कोई भी ऐसा फैसला जो दिल्ली की जनता या व्यापारियों के खिलाफ होगा, तो आम आदमी पार्टी उसका विरोध करेगी।

उन्होंने कहा, कुछ दिन पहले आपने देखा होगा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने खुद प्रेस वार्ता करके घोषणा की थी कि 50 वर्ग मीटर तक कि संपत्तियों पर हाउस टैक्स माफ कर रहे हैं। इससे संबंधित होर्डिंग भी इन्होंने पूरी दिल्ली में लगा दिए। लेकिन मुझे बहुत ही दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि आज सदन की बैठक में खुद भारतीय जनता पार्टी के महापौर ने माना कि ऐसी कोई घोषणा लागू नहीं की गई है।

विकास गोयल ने कहा, इस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी के झूठ का पर्दाफाश हुआ कि कैसे वह दिल्ली की जनता को गुमराह कर रही है। आम आदमी पार्टी मांग करती है कि 50 वर्ग मीटर तक कि सभी संपत्तियों पर हाउस टैक्स माफ करने की घोषणा को भाजपा तुरंत लागू करे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.