गुरु पर्व पर नगर कीर्तन मार्ग की सफाई व्यवस्था का महापौर और निगम आयुक्त ने लिया जायजा

सीसगंज गुरुद्वारे से फतेहपुरी चौक तक किया निरीक्षण, छोटी-मोटी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश

नई दिल्ली, 23 नवंबर। गुरु पर्व के अवसर पर निकलने वाले भव्य नगर कीर्तन को लेकर दिल्ली नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को महापौर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने गुरुद्वारा सीसगंज साहिब से फतेहपुरी चौक तक नगर कीर्तन मार्ग का निरीक्षण कर सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को मार्ग पर सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने और छोटी-मोटी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान महापौर और निगम आयुक्त ने पूरे मार्ग पर सफाई, कचरा उठाने तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक नागरिक सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, इसलिए पूरे मार्ग पर विशेष सफाई व्यवस्था रखी जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और आयोजन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर लें।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि गुरु पर्व आस्था और श्रद्धा का पर्व होने के साथ दिल्ली की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। नगर कीर्तन का मार्ग ऐतिहासिक महत्व रखता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान के आह्वान और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निगम दिल्ली को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली है, हालांकि कुछ छोटी-मोटी कमियां सामने आई हैं। संबंधित अधिकारियों को इन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि निगम कर्मचारियों और अधिकारियों के सहयोग से नगर कीर्तन का आयोजन स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न होगा।

निरीक्षण के बाद महापौर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने गुरुद्वारा सीसगंज साहिब में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया तथा दिल्लीवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर पुरानी दिल्ली क्षेत्र की उपायुक्त कनिका, निगम के वरिष्ठ अधिकारी और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।