भाजपा शासित एमसीडी में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था चरम पर, जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान: नाज़िया दानिश
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने भाजपा शासित एमसीडी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि निगम में भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और जनविरोधी नीतियों का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एमसीडी को विकास का माध्यम बनाने के बजाय भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है, जिसका खामियाजा दिल्ली की जनता भुगत रही है।नाज़िया दानिश ने कहा कि निगम के विभिन्न विभागों में पारदर्शिता समाप्त हो चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और नागरिक सेवाओं से जुड़े मामलों में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन भाजपा नेतृत्व कार्रवाई करने के बजाय अधिकारियों को संरक्षण देने में जुटा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निगम की कार्यप्रणाली पूरी तरह जनता विरोधी हो गई है। कई इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, जलभराव, टूटी सड़कें, कूड़े के ढेर और मच्छरों का प्रकोप लोगों के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। इसके बावजूद भाजपा के जनप्रतिनिधि केवल प्रचार करने में व्यस्त हैं।
कांग्रेस दल की नेता ने कहा कि एमसीडी में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि निगम के सभी विभागों में हुए निर्णयों और खर्चों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा भ्रष्टाचार के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।नाज़िया दानिश ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार निगम सदन और सड़क दोनों जगह उठाती रहेगी तथा भाजपा की जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।
