राष्ट्रहित सर्वोपरि था डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन: हर्ष मल्होत्रा
125वीं जयंती पर दिल्ली भाजपा ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया वृक्षारोपण
नई दिल्ली, 6 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने किया। उनके साथ संगठन महामंत्री पवन राणा, विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, भाजपा महामंत्री विष्णु मित्तल, उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह एवं योगिता सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, डॉ. हर्षवर्धन और आदेश गुप्ता, पूर्व प्रभारी श्याम जाजू, कार्यालय मंत्री बृजेश राय तथा प्रवक्ता यासिर जिलानी सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद के प्रखर प्रतीक थे। उनके विचार और आदर्श आज भी प्रत्येक राष्ट्रवादी भारतीय, विशेषकर भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने सत्ता से अधिक राष्ट्रहित को महत्व दिया और “एक राष्ट्र, एक विधान” के सिद्धांत के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंड भारत और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भी डॉ. मुखर्जी के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।
