दिल्ली में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण: 60.80% मतदाताओं तक पहुंचे गणनाकर्मी, 3.56 लाख फॉर्म हुए डिजिटाइज

नई दिल्ली, 7 जुलाई 2026। दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 के तीसरे चरण के तहत 7 जुलाई रात 8 बजे तक कुल 1,45,10,298 मतदाताओं में से 88,22,402 (60.80%) मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 3,56,425 (2.46%) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), दिल्ली कार्यालय के अनुसार यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चल रहा है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार नई दिल्ली जिला में सबसे अधिक 74.12 प्रतिशत मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए गए हैं। इसके बाद ओल्ड दिल्ली (69.79%), दक्षिण (68.39%) और पश्चिम (68.33%) का स्थान है। वहीं दक्षिण-पूर्व जिला में सबसे कम 49.47 प्रतिशत प्रपत्र वितरित किए गए हैं।

प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में आउटर नॉर्थ जिला सबसे आगे है, जहां 6.13 प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इसके बाद दक्षिण-पश्चिम (4.21%), पश्चिम (3.01%) और सेंट्रल नॉर्थ (3.21%) जिलों का स्थान है।

निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे गणनाकर्मियों के साथ सहयोग करें, समय पर अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा करें तथा मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।