रोहिणी में पांच मंजिला इमारत गिरने पर एमसीडी पर फूटा अंकुश नारंग का गुस्सा
"भ्रष्टाचार की नींव पर खड़ी भाजपा की एमसीडी, दिल्लीवासियों की जान से हो रहा खिलवाड़"
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रोहिणी ज़ोन के सेक्टर-16 स्थित एमसीडी स्कूल के पास पांच मंजिला इमारत गिरने की घटना पर आम आदमी पार्टी के एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने भाजपा शासित एमसीडी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह हादसा सिर्फ एक इमारत का ढहना नहीं, बल्कि भाजपा की एमसीडी में व्याप्त भ्रष्टाचार, लापरवाही और निर्माण कार्यों की निगरानी की विफलता का परिणाम है।
अंकुश नारंग ने कहा कि हादसे में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जिस रोहिणी ज़ोन से भाजपा के महापौर प्रवेश वाही आते हैं, वहीं इस तरह की घटना होना एमसीडी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अवैध निर्माण खुलेआम फल-फूल रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय भ्रष्टाचार को संरक्षण देने में लगे हैं। नतीजा यह है कि आए दिन इमारतें गिर रही हैं, आग लगने की घटनाएं हो रही हैं और दिल्लीवासियों की जान खतरे में पड़ रही है।
अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा की “डबल इंजन” नहीं, बल्कि “डबल लापरवाही” वाली व्यवस्था ने राजधानी को असुरक्षित बना दिया है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर भाजपा शासन में अवैध निर्माण और भ्रष्टाचार पर लगाम कब लगेगी? दिल्लीवासियों की सुरक्षा से बार-बार खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है?
नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा राजधानी में अवैध और जर्जर इमारतों का विशेष सर्वे कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों की जान किसी भी राजनीतिक लापरवाही या भ्रष्टाचार से बड़ी है और इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
