मनोनीत पार्षद मनोज कुमार जैन बोले— सेवा ही तरुण मित्र परिषद का मूल उद्देश्य, 125वें निःशुल्क नेत्र शिविर में सैकड़ों लोगों को मिला लाभ

नई दिल्ली। लक्ष्मी नगर में अखिल भारतीय संस्था तरुण मित्र परिषद द्वारा आयोजित 125वें निःशुल्क नेत्र जांच एवं चिकित्सा शिविर में सैकड़ों जरूरतमंद नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में नेत्र परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण तथा मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन के लिए मरीजों का चयन किया गया।

परिषद के महासचिव एवं मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन ने बताया कि संस्था लगातार सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि 5 जुलाई को गिरनार जी (जूनागढ़, गुजरात) में भगवान नेमीनाथ के मोक्ष कल्याणक के अवसर पर परिषद ने 65वें निःशुल्क दिव्यांग सेवा शिविर का भी सफल आयोजन किया था।

मुख्य अतिथि निगम पार्षद अल्का राघव ने परिषद की सराहना करते हुए कहा कि तरुण मित्र परिषद पूरे देश में नेत्र एवं दिव्यांग सेवा शिविरों के माध्यम से निस्वार्थ भाव से सेवा कर समाज के लिए प्रेरणादायी कार्य कर रही है।

परिषद के अध्यक्ष अशोक जैन की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में सचिव आलोक जैन ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार आवश्यक है। परिषद का उद्देश्य सेवा, संवेदना और समर्पण के भाव से अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।

ए.डी.के. जैन आई हॉस्पिटल की डॉ. सोनिया सैनी एवं डॉ. सुरभि जैन की टीम ने नेत्र परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, निःशुल्क दवा वितरण और मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए मरीजों का चयन किया। शिविर में परिषद के कोषाध्यक्ष अजय जैन, राम किशोर शर्मा, रविन्द्र कुमार जैन सहित सभी सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। इस दौरान एस.आई.आर. के बी.एल.ओ. ने मतदाताओं को एस.आई.आर. फॉर्म वितरित कर आवश्यक जानकारी भी दी।