दक्षिण ज़ोन के चेयरमैन बनने पर मोहन सिंह मार्केट में धर्मवीर सिंह का भव्य स्वागत, जनसेवा के प्रति दोहराया संकल्प

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के दक्षिण ज़ोन के चेयरमैन नियुक्त होने के बाद आर.के.पुरम सेक्टर-6 स्थित मोहन सिंह मार्केट में चेयरमैन धर्मवीर सिंह का व्यापारियों, वरिष्ठ नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाएँ देकर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी गई। 

धर्मवीर सिंह ने स्वागत समारोह में सभी शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें क्षेत्रवासियों का जो प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद मिला है, वह जनसेवा के प्रति उनके संकल्प को और अधिक मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि जनता का यह स्नेह उन्हें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि दक्षिण ज़ोन तथा आर.के.पुरम क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वे निरंतर क्षेत्रवासियों के बीच रहकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।