जंतर-मंतर प्रदर्शन में छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला: राकेश कुमार

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता राकेश कुमार ने जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए सीजेपी के छात्र-युवा प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग और कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है।

राकेश कुमार ने कहा कि देशभर से बड़ी संख्या में छात्र और युवा अपने अधिकारों तथा विभिन्न भर्ती और परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज़ उठाने दिल्ली पहुंचे थे। लेकिन उन्हें संसद की ओर बढ़ने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया, बैरिकेड लगाए गए और बल प्रयोग किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की घटनाएं भी सामने आईं तथा लाठीचार्ज की खबरें बेहद चिंताजनक हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात कहना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। युवाओं की आवाज़ सुनने के बजाय उन पर लाठियां चलाना सरकार की असहिष्णु सोच को दर्शाता है। यदि युवा अपने भविष्य, रोजगार और शिक्षा से जुड़े सवाल उठा रहे हैं, तो सरकार का दायित्व है कि वह संवाद करे, न कि दमन का रास्ता अपनाए।

राकेश कुमार ने मांग की कि प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कराई जाए, घायल छात्रों को उचित उपचार और सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा युवाओं की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाए।