एमसीडी के टोल टेंडर में 500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग: अंकुश नारंग

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के टोल टैक्स टेंडर में लगभग 500 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की “चार इंजन सरकार” के संरक्षण में टेंडर की शर्तें इस तरह तैयार की गईं कि प्रतिस्पर्धा सीमित हो गई और चुनिंदा कंपनियों को लाभ पहुंचाया गया।

अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया से एमसीडी के राजस्व को भारी नुकसान होगा, जिसका सीधा असर दिल्ली की जनता पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती।

उन्होंने मांग की कि 500 करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा पूरे टेंडर की पारदर्शी समीक्षा कराई जाए।

अंकुश नारंग ने कहा कि निगम आयुक्त को यह स्पष्ट करना चाहिए कि टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के लिए कौन जिम्मेदार है और यह पूरा मामला किसके इशारे पर हुआ। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता के पैसे पर भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।